नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। उनकी आगवानी के लिए वहां पुलिस कमिश्नर, मंडल आयुक्त और कलेक्टर मौजूद थे। पीएम मोदी ने उनसे गैंगरेप केस से जुड़ी सारी जानकारी ली। पीएम ने अधिकारियों के निर्देश दिया कि प्रशासन सुनिश्चित करे कि ऐसा घटना दोबारा न होने पाए। इसके बाद पीएम ने वाराणसी से पूर्वांचल को 44 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। बता दें कि पीएम अपने तय समय से 24 मिनट पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे जहां उन्होंने घटना से जुड़ी तमाम जानकारी ली।
6 दिन तक की लड़की से दरिंदगी
हाल ही में वाराणसी से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। दरअसल, वाराणसी में एक युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया। युवती को 29 मार्च को अगवा किया गया था। इसके बाद से उसकी कोई खबर नहीं थी। वह 4 अप्रैल को बेसुध हालत में मिली। इस दौरान 23 लोगों ने उसके साथ 6 दिन तक लगातार रेप किया। युवती को ड्रग्स देकर उसके साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर लालपुर पांडेयपुर थाने में 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसमें से 12 नामजद और 11 अज्ञात हैं।
काशीवासियों को दी 44 योजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 11 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के 50वें दौरे पर पहुंचे थे। इस खास मौके पर उन्होंने काशीवासियों को 3,884 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें 1,629 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 2,255 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। पीएम ने अपने संबोधन के दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा।




